– छात्राओं ने धारण किया मां दुर्गा का रूप, जगह-जगह हुआ स्वागत
रानीखेत । नवरात्र के उपलक्ष्य में विश्व हिंदू परिषद के तत्वावधान में गुरुवार को दुर्गा शक्ति यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ ही विभिन्न आनुसांगिक संगठनों से जुड़ी मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
गांधी चौक से शुरू हुई इस शोभायात्रा में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने मां दुर्गा का रूप धारण कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मां के भजनों और जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो उठा। छात्राओं ने परंपरागत पिछौड़ा पहनकर शोभायात्रा की भव्यता में चार चांद लगाए। दुर्गा शक्ति यात्रा मुख्य बाजा होते हुए रोडवेज स्टेशन तक निकाली गई। इस दौरान नगर की गलियां मां दुर्गा के जयघोष से गूंज उठीं। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का स्वागत कर पुष्पवर्षा की। दुर्गा वाहिनी की पूजा लटवाल और ममता रावत ने कहा कि मातृशक्ति ही सृष्टि की मूल आधारशिला है। नारी शक्ति के जागरण से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। उन्होंने नारी सम्मान और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर बल दिया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और आस्था व उत्साह के संग मां दुर्गा की महिमा का गुणगान किया। श्रद्धालुओं ने इसे शक्ति और संस्कारों के अद्भुत संगम का प्रतीक बताया। शोभायात्रा में भाजपा कुमाऊं संयोजक विमला रावत, ब्लाक प्रमुख बबली मेहरा, जिला पंचायत सदस्य शांति उप्रेती व बीना बिष्ट, ज्योति साह मिश्रा, भारती भगत, बीना बिष्ट, गीता पंवार, रेखा आर्या, सीमा जसवाल, अनु सोनकर, वेद प्रकाश, मोहन नेगी, दीप भगत, हर्षवर्धन पंत, नवल पांडेय आदि उपस्थित रहे।