रानीखेत । ताड़ीखेत क्षेत्र में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। रानीखेत से ताड़ीखेत की ओर जा रही कार संख्या यूके 18-4995 हाईडिल के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 85 वर्षीय कुशल सिंह रौतेला की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के समय कार ग्राम ऐराड़ी निवासी लाखन सिंह बिष्ट पुत्र रतन सिंह बिष्ट चला रहे थे। कार में उनके साथ अनुराधा बिष्ट (42) पत्नी कुलदीप बिष्ट, निवासी गनियाद्योली और करण राजौरिया भी सवार थे। दुर्घटना में अनुराधा बिष्ट को गंभीर चोटें आईं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद उप जिला चिकित्सालय रानीखेत रेफर किया गया है। वहीं करण राजौरिया को मामूली चोटें आईं। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताड़ीखेत पहुंचाया। यहां से कुशल सिंह और अनुराधा को रानीखेत रेफर किया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही कुशल सिंह ने दम तोड़ दिया। इधर, चालक लाखन सिंह ने बताया कि अचानक स्टीयरिंग लॉक होने और ब्रेक फेल होने से कार अनियंत्रित हो गई और यह हादसा हो गया।