= शहीदों को दी सलामी, सीमांत को मिली उत्कृष्ट ट्रॉफी
= खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन
रानीखेत। सीमांत मुख्यालय सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) रानीखेत में शनिवार को 62वां स्थापना दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को श्रद्धांजलि देने से हुई।
उप महानिरीक्षक दुर्गा बहादुर सोनार ने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि एसएसबी सीमा सुरक्षा के साथ नागरिक कल्याण और आपदा राहत कार्यों में भी अहम भूमिका निभा रहा है।
स्थापना दिवस पर सीमांत रानीखेत को नागरिक कल्याण और राहत-बचाव कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बल मुख्यालय की ओर से उत्कृष्ट सीमांत ट्रॉफी दी गई। वहीं महानिरीक्षक अमित कुमार को डीजी स्वर्ण डिस्क (वन स्टार) सहित एक स्वर्ण डिस्क, 23 सिल्वर डिस्क और एक पुलिस आंतरिक सेवा पदक मिला।
कार्यक्रमों के तहत सीमांत मुख्यालय में वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य जवानों में टीम भावना और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देना रहा। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही बड़ेखाने का आयोजन भी हुआ।
कार्यक्रम में कमांडेंट जयंत कुमार शर्मा, उप कमांडेंट अनिल कुमार जोशी, उप कमांडेंट प्रभाकर, सहायक कमांडेंट राहुल राय सहित अधिकारी और बलकर्मी मौजूद रहे।
