— प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने कहा—उत्तराखंड की महिलाएं सशक्त, बाजार और उचित मूल्य दिलाने की जरूरत
रानीखेत । भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आयोजित कुमाऊं मंडलीय सम्मेलन एवं सम्मान समारोह में महिलाओं की भूमिका और आत्मनिर्भरता को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट ने नवमनोनीत प्रदेश मंत्री विमला रावत को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं सशक्त हैं और राज्य निर्माण से लेकर सामाजिक विकास तक उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।
रुचि भट्ट ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पाद गुणवत्ता में बेहतर हैं, लेकिन उन्हें बाजार और उचित मूल्य की कमी का सामना करना पड़ रहा है। महिला मोर्चा इस मुद्दे को सरकार के समक्ष मजबूती से रखेगा। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है, जिनका लाभ तभी मिलेगा जब महिलाएं जागरूक होकर आगे आएंगी।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री रश्मि रस्तोगी ने कहा कि विमला रावत के प्रदेश मंत्री बनने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी और अधिक महिलाएं मोर्चा से जुड़ेंगी। वहीं प्रदेश मंत्री विमला रावत ने कहा कि महिला समूह मेहनत से उत्पाद तैयार कर रहे हैं, लेकिन विपणन और मूल्य निर्धारण की समस्या अभी भी बड़ी चुनौती है। उन्होंने भरोसा जताया कि महिला मोर्चा इस दिशा में ठोस और सकारात्मक पहल करेगा।
कार्यक्रम में महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ उठाने का आह्वान किया गया। समारोह के अंत में प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट और प्रदेश मंत्री विमला रावत को सम्मानित किया गया। वहां दर्जा राज्यमंत्री कैलाश पंत, कुमाऊं संयोजक अंजु भुड्डी, जिलाध्यक्ष घनश्याम भट्ट, महिला मोर्चा अध्यक्ष हेमा नेगी, धन सिंह रावत, मोहन नेगी, ध्यान सिंह, दीप भगत, अनु सोनकर, सुनीता डाबर, रेखा आर्या, मीना वर्मा, बबीता, भावना बुधोड़ी, बबीता, गीतांजलि आदि मौजूद रहे।
