-
दो माह से वेतन न मिलने पर भड़का गुस्सा
-
कर्ज लेकर घर चला रहे कर्मचारी
-
शाखा मंत्री ने सरकार व प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप
-
8 सितंबर तक मांगें न मानीं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
रानीखेत। उत्तराखंड रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर रानीखेत रोडवेज कार्यशाला में कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का कहना है कि पिछले दो महीनों से वेतन न मिलने के कारण वे गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। बच्चों की पढ़ाई, घर का खर्च और अन्य जिम्मेदारियों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। कई कर्मचारी कर्ज लेकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं।
शाखा मंत्री प्रमोद कुमार जोशी ने कहा कि रोडवेज कर्मचारी यात्रियों की सुविधा के लिए दिन-रात ईमानदारी से ड्यूटी निभा रहे हैं, लेकिन सरकार और निगम प्रबंधन उनकी समस्याओं की लगातार अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 8 सितंबर तक वेतन भुगतान सहित उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।
कर्मचारियों ने कहा कि धैर्य की अब सीमा खत्म हो चुकी है और वेतन भुगतान में लगातार हो रही देरी ने उन्हें आंदोलन के लिए विवश कर दिया है। हड़ताल की स्थिति में रोडवेज बस सेवाएं ठप हो सकती हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी।
प्रदर्शन के दौरान शाखा अध्यक्ष मदन बिष्ट, संयुक्त मंत्री अखिलेश जोशी, नंदन सिंह, पंकज पवार, बृजमोहन, रविंद्र सिंह, जीतेन्द्र जोशी, ललित आर्या सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।