रानीखेत को जाम से मिलेगी राहत! दो मल्टीलेवल पार्किंग परियोजनाओं पर सरकार ने बढ़ाई रफ्तार

देहरादून/रानीखेत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत रानीखेत में प्रस्तावित दो बहुमंजिला (मल्टीलेवल) पार्किंग परियोजनाओं को लेकर शासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में राज्य सचिवालय में हुई समीक्षा बैठक में दोनों परियोजनाओं की तकनीकी और वित्तीय स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

सदर बाजार के पास गैस गोदाम-आशियाना पार्क क्षेत्र में बनने वाली चार मंजिला मल्टीलेवल पार्किंग का प्रारंभिक अनुमान ₹9.35 करोड़ था। तकनीकी संपरीक्षा प्रकोष्ठ ने इसमें ₹8.62 करोड़ की लागत को उचित माना है। इस पार्किंग में 59 वाहनों के खड़े होने की व्यवस्था के साथ महिला और पुरुष शौचालय भी बनाए जाएंगे। इस क्षेत्र में पार्किंग की कमी के कारण अक्सर मुख्य सड़क पर जाम की समस्या बनी रहती है।

वहीं, रोडवेज स्टेशन के निकट प्रस्तावित दूसरी मल्टीलेवल पार्किंग का प्रारंभिक अनुमान ₹5 करोड़ था, जिसमें तकनीकी समिति ने ₹4.80 करोड़ की लागत को मंजूरी योग्य माना है। यहां 13 चारपहिया और 141 दोपहिया, यानी कुल 154 वाहनों की पार्किंग की सुविधा विकसित की जाएगी। इस परियोजना के लिए छावनी परिषद, रानीखेत से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) भी मिल चुका है। निर्माण पूरा होने के बाद इसका संचालन जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, अल्मोड़ा करेगा।

बैठक में दोनों परियोजनाओं की व्यवहार्यता, दोपहिया और चारपहिया पार्किंग के अनुपात, संभावित राजस्व, राजस्व साझेदारी मॉडल और प्रस्तावित स्थलों की उपयोगिता का विस्तृत परीक्षण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर संशोधित लागत प्रस्ताव जल्द शासन को भेजने को कहा गया।

इन दोनों पार्किंग परियोजनाओं के साकार होने से रानीखेत के व्यस्त बाजार और रोडवेज क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ जाम की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!