19 जुलाई को CAPF परीक्षा: अल्मोड़ा में हाई अलर्ट, तीन केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच होगी परीक्षा

अल्मोड़ा। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सहायक कमांडेंट) परीक्षा-2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने अधिकारियों को आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में एडीएम ने परीक्षा सामग्री की सुरक्षा, समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने तथा परीक्षा समाप्ति के बाद निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सुरक्षित रूप से कोषागार में जमा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए परीक्षा से जुड़ी हर व्यवस्था को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।

अपर जिलाधिकारी ने सेक्टर मजिस्ट्रेटों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा, पेयजल, बिजली, स्वच्छता और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही परीक्षा के दौरान प्रत्येक केंद्र पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी समस्या का तत्काल समाधान किया जा सके।

जनपद में परीक्षा 19 जुलाई को तीन केंद्रों—अल्मोड़ा इंटर कॉलेज, एडम्स इंटर कॉलेज और रैमजे इंटर कॉलेज—में आयोजित होगी। पहला प्रश्नपत्र सामान्य योग्यता एवं बुद्धिमत्ता सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा दूसरा प्रश्नपत्र सामान्य अध्ययन, निबंध एवं बोधगम्यता दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक होगा।

बैठक में परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारी, सेक्टर मजिस्ट्रेट और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!