क्वारब स्लाइड जोन पर आयुक्त का सख्त एक्शन, लापरवाही पर चेतावनी; बाईपास निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश

अल्मोड़ा। कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने शुक्रवार को क्वारब स्लाइड जोन का स्थलीय निरीक्षण कर वहां चल रहे सुधारात्मक और सुरक्षात्मक कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। साथ ही चेतावनी दी कि इस संवेदनशील क्षेत्र में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि क्वारब स्लाइड जोन पूरे कुमाऊं की दृष्टि से बेहद संवेदनशील है। इसलिए निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप हों और उनकी नियमित निगरानी की जाए, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।

इसके बाद आयुक्त ने क्वारब बाईपास मार्ग का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को शेष निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बाईपास के तैयार होने से यातायात अधिक सुरक्षित और सुगम होगा।

आयुक्त दीपक रावत ने क्षेत्रवासियों और यात्रियों से बरसात के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करने को भी कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह, एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता हरीश कुमार, ईई हर्षित गुप्ता, एसडीएम सदर संजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!