डीएम अंशुल सिंह बोले— शिविरों का उद्देश्य सिर्फ शिकायत लेना नहीं, मौके पर समाधान देना है
विकासखंड सल्ट के राजकीय इंटर कॉलेज, मानिला में शुक्रवार को ‘सेवा, समर्पण एवं सुशासन’ कार्यक्रम के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। शिविर में पहुंचे जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आमजन की शिकायतें सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि अधिक से अधिक मामलों का मौके पर समाधान कर लोगों को तत्काल राहत पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागों से जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने को कहा।
इस अवसर पर विधायक महेश जीना ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं से जोड़ने और शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने का आह्वान किया।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण, प्रमाण पत्र संबंधी सेवाएं तथा अन्य विभागीय सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में 469 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान 103 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 96 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इसके अलावा आधार कार्ड पंजीकरण एवं संशोधन के 56 कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न किए गए।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री महेश्वर सिंह मेहरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नेगी, जिला पंचायत सदस्य मनमोहन सिंह बंगारी, डीएफओ दीपक सिंह, उपजिलाधिकारी रिंकू बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।