
रानीखेत/द्वाराहाट। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 की पुनर्परीक्षा को लेकर अल्मोड़ा जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में नवीन कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में परीक्षा के निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संचालन के लिए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि 21 जून 2026 को जनपद के दो परीक्षा केंद्रों—केंद्रीय विद्यालय, रानीखेत और बिपिन त्रिपाठी कुमाऊँ प्रौद्योगिकी संस्थान (बीटीकेआईटी), द्वाराहाट—में होने वाली पुनर्परीक्षा की सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों का एक दिन पूर्व निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि पुनर्परीक्षा में कुल 504 अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनमें केंद्रीय विद्यालय, रानीखेत में 288 तथा बीटीकेआईटी, द्वाराहाट में 216 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों में पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का ऑडिट कर किसी भी कमी को तत्काल दूर किया जाए। विद्युत विभाग को परीक्षा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा वैकल्पिक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी सीसीटीवी कैमरे और जैमर परीक्षा से पूर्व पूरी तरह कार्यशील अवस्था में होने चाहिए तथा उनकी जांच एक दिन पहले ही कर ली जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा के सफल और निर्विघ्न संचालन के लिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंश सिंह, जॉइंट मजिस्ट्रेट रानीखेत दीक्षिता जोशी, उप जिलाधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।