अल्मोड़ा। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों में लंबित शिकायतों की विभागवार जानकारी लेते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक शिकायत की गंभीरता से जांच कर निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर वास्तविक स्थिति के आधार पर समाधान करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने लंबित और बार-बार संदर्भित हो रही शिकायतों पर विशेष ध्यान देने तथा विभागीय स्तर पर नियमित समीक्षा करने को कहा। साथ ही स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।