अल्मोड़ा। जिला अस्पताल स्थित प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र में अनियमितताओं की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार को औचक निरीक्षण किया। जेनेरिक दवाओं की जगह अन्य ब्रांडेड दवाएं बेचे जाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे केंद्र पहुंचे, जिससे वहां हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में उपलब्ध सभी दवाओं का भौतिक सत्यापन कराया और जेनेरिक व ब्रांडेड दवाओं की अलग-अलग सूची तैयार कर खरीद एवं उपलब्धता के रिकॉर्ड का मिलान करने के निर्देश दिए।
डीएम के निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टर की मौजूदगी में जांच पूरी होने तक केंद्र में रखी सभी दवाओं को सील कर दिया गया। साथ ही दवाओं के स्टॉक, खरीद और वितरण से जुड़े सभी अभिलेखों की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं, ताकि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जन औषधि केंद्र की संचालन व्यवस्था की भी समीक्षा की और अस्पताल प्रशासन को केंद्र के संचालन के लिए नई टेंडर प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित कर भविष्य में ऐसी शिकायतों की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा सहित अस्पताल प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।