1.33 करोड़ के नशे का जाल बेनकाब, 6 महीने में 52 तस्करों पर कार्रवाई

एनकॉर्ड समिति की बैठक में एडीएम ने दिए सख्त निर्देश, मानस हेल्पलाइन 1933 के व्यापक प्रचार पर जोर

अल्मोड़ा। जनपद में नशे के बढ़ते कारोबार पर लगाम कसने के लिए गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में जिला स्तरीय एनकॉर्ड (NCORD) समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने, नशामुक्ति और पुनर्वास की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि जनवरी से जून 2026 के दौरान मादक पदार्थों से जुड़े 27 मुकदमे दर्ज किए गए, जिनमें 52 आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इस अवधि में करीब 1.33 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थ बरामद किए गए।

अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मानस हेल्पलाइन 1933 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग नशे के खिलाफ अभियान से जुड़ सकें। उन्होंने नशे के संभावित हॉटस्पॉट चिन्हित कर वहां नियमित निगरानी और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

एडीएम ने कहा कि नशे की रोकथाम केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज, परिवार, शैक्षणिक संस्थानों और सभी संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने नशे की लत से प्रभावित लोगों के उपचार, परामर्श और पुनर्वास के लिए समन्वित प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप जिलाधिकारी संजय कुमार, क्षेत्राधिकारी बलवंत सिंह रावत, मुख्य शिक्षा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!