हल्द्वानी। शहर में मानवता को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। बड़ी बहन से मामूली विवाद के बाद घर से निकली 12 वर्षीय बच्ची को दो अलग-अलग युवकों ने मदद का झांसा देकर अपनी हवस का शिकार बना लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, बच्ची 29 जुलाई की रात बहन से कहासुनी के बाद घर से निकल गई थी। रोडवेज के पास उसे 29 वर्षीय विक्रम सिंह मिला, जिसने बहला-फुसलाकर अपनी कार में बैठाया और मुखानी स्थित अपने फोटो स्टूडियो ले जाकर रातभर दुष्कर्म किया। अगली सुबह आरोपी बच्ची को सुनसान गली में छोड़कर फरार हो गया।
डरी-सहमी बच्ची इसके बाद डी.के. पार्क पहुंची, जहां 21 वर्षीय सौरभ बिष्ट ने मदद का भरोसा देकर उसे सितारगंज के शक्तिफार्म स्थित अपने कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया। बाद में वह बच्ची को हल्द्वानी छोड़कर फरार हो गया।

उधर, बच्ची के घर नहीं लौटने पर उसकी मां ने कोतवाली हल्द्वानी में गुमशुदगी दर्ज कराई। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने बच्ची को सकुशल बरामद कर मेडिकल परीक्षण कराया तथा पहली वारदात में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम सिंह (29) निवासी हरिपुरनायक, कुसुमखेड़ा और सौरभ बिष्ट (21) निवासी त्रिलोकपुर दानी, गौलापार के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 65(1), 115(2), 352 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5/6 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।