युवतियों से अभद्रता के आरोप पर सतोली में बवाल, ग्रामीणों ने दो युवकों को दबोचकर पुलिस को सौंपा

रामगढ़ (नैनीताल)। रामगढ़ ब्लॉक के शांत माने जाने वाले सतोली गांव में शुक्रवार को युवतियों से कथित छेड़छाड़ और अभद्रता के आरोप के बाद जमकर हंगामा हो गया। ग्रामीणों ने कार में सवार पांच युवकों को घेर लिया। इस दौरान तीन युवक मौके से फरार हो गए, जबकि दो को पकड़कर उनकी पिटाई की गई, चेहरे पर कालिख पोतने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि कार में आए युवकों ने गांव की युवतियों के साथ सरेराह अभद्रता और छेड़छाड़ की। विरोध करने के बावजूद जब वे नहीं माने तो गांव के लोग एकत्र हो गए और कार को घेर लिया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

ग्रामीणों के अनुसार, पकड़े गए दोनों युवक मुरादाबाद निवासी हैं और क्षेत्र के एक वेलनेस सेंटर में काम के सिलसिले में आए थे। कार के शीशे पर “शेख मुजाहिद” लिखा हुआ था। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि मौके पर पुलिस को उनका सत्यापन नहीं मिला। पुलिस ने आरोपियों के साथ कार को भी कब्जे में ले लिया है।

घटना की सूचना पर ग्राम प्रधान मीरा भंडारी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामले को गंभीर बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। मेडिकल परीक्षण, सत्यापन और पीड़ित पक्ष से लिखित तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना रहा और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!