अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में धौलछीना थाना पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज भल्यूटा और राजकीय आदर्श माध्यमिक विद्यालय खाटवे में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। थानाध्यक्ष रमेश सिंह बोहरा के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, महिला एवं बाल सुरक्षा, नए आपराधिक कानूनों, सड़क सुरक्षा और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल की जानकारी दी गई।
पुलिस ने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने और बैंकिंग या निजी जानकारी साझा न करने की सलाह देते हुए साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करने की अपील की। साथ ही मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल की जानकारी देते हुए बताया कि समय पर शिकायत से ठगी की रकम को सुरक्षित कराने में मदद मिल सकती है।
इसके बाद पुलिस ने भल्यूटा और खाटवे गांवों में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट और संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सचेत किया। ग्रामीणों से अजनबियों की सूचना पुलिस को देने तथा किरायेदार और मजदूर रखने से पहले पुलिस सत्यापन कराने की अपील की गई।
पुलिस ने 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1070 आपदा हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 1930 साइबर हेल्पलाइन और 1933 मानस हेल्पलाइन की जानकारी भी दी। पुलिस ने कहा कि जागरूक नागरिक ही अपराध रोकने और सुरक्षित समाज बनाने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।