विकास भवन में आपदा जोखिम न्यूनीकरण पर एक दिवसीय कार्यशाला, विभागों की तैयारियों की हुई समीक्षा
अल्मोड़ा। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने विकास भवन सभागार में आयोजित आपदा जोखिम न्यूनीकरण विषयक एक दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया। कार्यशाला में जनपद में आपदा प्रबंधन की तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जिले में आपदा से निपटने के लिए की गई तैयारियों, उपलब्ध संसाधनों तथा विभागों के बीच समन्वय की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए संबंधित विभागों को लगातार तैयार रखा जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राज्य आपदा के दृष्टिगत तैयार है, लेकिन निरंतर जागरूक और सतर्क रहना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नियमित प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल के माध्यम से तैयारियों का आकलन करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार आपदाओं के प्रभाव को न्यूनतम करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है और जमीनी स्तर पर तैयारियों को और मजबूत किया जा रहा है।
कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष हेमा गैड़ा, मेयर अजय वर्मा, दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल, अपर सचिव आपदा प्रबंधन प्रकाश चंद्र, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, जिलाध्यक्ष महेश नयाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।