अल्मोड़ा। लमगड़ा ब्लॉक के जलना–तुलेड़ी मोटर मार्ग पर चौड़ीकरण एवं सुधारीकरण कार्य के चलते यह मार्ग 8 अगस्त से 14 अगस्त, 2026 तक पूरी तरह बंद रहेगा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने लोक निर्माण विभाग के प्रस्ताव पर मार्ग बंद करने की अनुमति प्रदान कर दी है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार मार्ग के किमी 01 पर दीवार क्षतिग्रस्त होने और सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण पहाड़ कटान कर मशीनों से चौड़ीकरण किया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से इस अवधि में मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कार्य शुरू होने से पहले मार्ग के दोनों ओर कर्मचारियों की तैनाती की जाए, मार्ग बंद होने संबंधी सूचना बोर्ड और बैनर लगाए जाएं तथा वैकल्पिक मार्ग की जानकारी समय रहते लोगों तक पहुंचाई जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपात स्थिति में इस आदेश में संशोधन या निरस्तीकरण किया जा सकता है।