देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए हर घर जल का लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल नल कनेक्शन देना पर्याप्त नहीं, बल्कि हर घर में नियमित, पर्याप्त, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचना जरूरी है।
बैठक में बताया गया कि राज्य में जल जीवन मिशन की 16,555 योजनाओं में से 15,540 पूरी हो चुकी हैं, जबकि 1,015 योजनाएं प्रगति पर हैं। राज्य की औसत प्रगति 92.46 प्रतिशत है। वहीं 14.48 लाख ग्रामीण परिवारों में से 14.20 लाख परिवारों को नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं।
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन योजनाओं को मिशन मोड में समय पर पूरा करने, पूर्ण योजनाओं का स्थलीय सत्यापन कराने और जिलाधिकारियों को विभागों के साथ समन्वय कर तकनीकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में जल स्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवीकरण, वर्षा जल संचयन और जल पुनर्भरण पर विशेष जोर दिया।
बैठक में यह भी बताया गया कि राज्य के 14,979 गांवों में से 9,796 गांवों में हर नल से जल का सत्यापन पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री ने जनपदवार लक्ष्य और समयसीमा तय कर लापरवाही या अनावश्यक देरी पर संबंधित कार्यदायी संस्था और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए।