
रानीखेत। बैंक में जमा कराने के लिए ले जाए जा रहे 1.67 लाख रुपये से भरे बैग के बाजार में अचानक गायब हो जाने से एक व्यक्ति के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही रानीखेत पुलिस हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में बैग बरामद कर उसके मालिक को सुरक्षित सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, तहसील रानीखेत के भैसोली क्षेत्र स्थित ग्राम तनवानी निवासी चन्दन सिंह अपने बैंक खाते में जमा कराने के लिए 1.67 लाख रुपये लेकर स्टेट बैंक शाखा मजखाली जा रहे थे। रास्ते में वे रानीखेत बाजार में खरीदारी करने के लिए रुके। इसी दौरान उनका नगदी से भरा बैग कहीं गुम हो गया।
काफी तलाश के बाद भी बैग का कोई सुराग नहीं मिलने पर चन्दन सिंह ने कोतवाली रानीखेत में सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी के निर्देशन में पुलिस टीम ने तत्काल बाजार क्षेत्र में सघन जांच अभियान शुरू किया। उप निरीक्षक फिरोज खान और कांस्टेबल कमल गोस्वामी ने आसपास के क्षेत्रों की जांच करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले।
पुलिस की मेहनत रंग लाई और बैग चौकुनी मौना क्षेत्र की एक महिला के पास से बरामद कर लिया गया। पूछताछ में महिला ने बताया कि उनके पास भी बिल्कुल ऐसा ही बैग था और गलती से दोनों बैग बदल गए थे। पुलिस ने बैग में रखी नगदी और अन्य सामान की जांच कर पूरी रकम सुरक्षित पाई।
इसके बाद बैग और उसमें रखी 1.67 लाख रुपये की धनराशि चन्दन सिंह को सौंप दी गई। अपनी खोई हुई रकम और सामान वापस मिलने पर चन्दन सिंह तथा उनके परिवार ने राहत की सांस ली और रानीखेत पुलिस की तत्परता, ईमानदारी और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की।
पुलिस की फुर्ती से बची बड़ी रकम, परिवार ने जताया आभार
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि समय पर दी गई सूचना और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी से बड़ी समस्या का समाधान संभव है।