
अल्मोड़ा। जिले में सड़क सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम और नशा मुक्ति को लेकर पुलिस ने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। द्वाराहाट थाना पुलिस ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के साथ मिलकर मुख्य बाजार में जागरूकता रैली निकाली, जबकि दन्या थाना क्षेत्र में नशा मुक्त भारत पखवाड़े के तहत लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया।
द्वाराहाट में प्रभारी निरीक्षक विनोद जोशी के नेतृत्व में निकाली गई रैली के दौरान नागरिकों, व्यापारियों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया। लोगों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान साइबर सुरक्षा पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने लोगों को फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के खतरे, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया फ्रॉड और डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों से बचाव की महत्वपूर्ण जानकारी दी।
वहीं दन्या थाना पुलिस ने नशा मुक्त भारत पखवाड़े के तहत पोस्टर, पंपलेट और जनसंवाद के माध्यम से लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में पुलिस ने बताया कि नशीले पदार्थों का सेवन व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन पर गंभीर प्रभाव डालता है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी नशे के कारोबार या मादक पदार्थों की तस्करी की जानकारी मिले तो तुरंत मानस हेल्पलाइन नंबर 1933 पर सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि समाज को सुरक्षित, जागरूक और नशामुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।