बैसाख पूर्णिमा और वार्षिकोत्सव के अवसर पर एक मई को पुष्कर सिंह धामी का डोल आश्रम भ्रमण प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
बुधवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने डोल आश्रम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्थायी हेलीपैड, आवागमन मार्ग और सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री के दौरे से संबंधित सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए और डोल आश्रम प्रबंधन के साथ समन्वय बनाकर काम किया जाए।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जैंती और भनोली की एसडीएम सौम्या गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि वे कार्यक्रम को सुचारु और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए समन्वय के साथ कार्य करें।
