जनगणना में लापरवाही पड़ी भारी, शिक्षक को 24 घंटे का अल्टीमेटम

अल्मोड़ा। जनगणना कार्य को लेकर प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। जनपद में चल रहे जनगणना कार्यों की समीक्षा के दौरान एक कार्मिक की लापरवाही सामने आने पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जनगणना अधिनियम 1948 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोकिलागांव में तैनात कार्मिक बलराम सिंह पर जनगणना कार्य में शिथिलता बरतने का आरोप लगा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार एवं जनगणना अधिकारी करिश्मा जोशी ने उन्हें 24 घंटे के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

नोटिस में कहा गया है कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने सभी संबंधित कार्मिकों को चेतावनी देते हुए कहा है कि जनगणना कार्य में उदासीनता या ढिलाई पाए जाने पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!