
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में राज्य सचिवालय में सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री घोषणा संख्या-800/2021 के तहत सल्ट (अल्मोड़ा) के मोलेखाल बाजार में प्रस्तावित पार्किंग निर्माण परियोजना की प्रगति और विस्तृत आगणन पर चर्चा हुई।
बैठक में आवास, वित्त एवं नियोजन विभाग के अधिकारियों के साथ जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण अल्मोड़ा, उत्तराखण्ड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण देहरादून तथा उत्तराखण्ड पेयजल निगम रानीखेत के अधिकारी भी ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। कार्यदायी संस्था ने परियोजना का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया।
अधिकारियों ने बताया कि चयनित स्थल की भौगोलिक परिस्थितियां जटिल हैं, जिसके चलते गहरी नींव, ढलान स्थिरीकरण, भूकम्परोधी डिजाइन और अतिरिक्त आरसीसी संरचनाओं की आवश्यकता होगी। इसी कारण प्रति कार पार्किंग लागत अधिक प्रस्तावित की गई है, जिसे तकनीकी रूप से उचित माना गया।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि स्थल का ड्रोन सर्वे, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के माध्यम से परीक्षण किया गया, जिसमें पार्किंग निर्माण के लिए स्थान उपयुक्त पाया गया।
विचार-विमर्श के बाद विभागीय व्यय समिति ने परियोजना को सैद्धांतिक सहमति प्रदान कर दी। तकनीकी समीक्षा के बाद ₹591.16 लाख की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति के लिए प्रस्ताव वित्त विभाग को भेजने के निर्देश दिए गए।
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े सभी मामलों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित पत्रावलियां एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत की जाएं, ताकि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा सके।