केदारनाथ धाम में अत्याधुनिक अस्पताल का लोकार्पण, श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा

आज श्री केदारनाथ धाम में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा निर्मित अस्पताल का लोकार्पण किया। इस अस्पताल का संचालन स्वामी विवेकानन्द हेल्थ मिशन सोसाइटी द्वारा किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि उच्च हिमालयी क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से युक्त यह अस्पताल स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती देगा और स्थानीय लोगों के लिए भी लाभकारी साबित होगा।

उन्होंने बताया कि केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, स्वास्थ्य जांच केंद्रों, ऑक्सीजन सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की समुचित व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “स्वस्थ उत्तराखंड, समृद्ध उत्तराखंड” के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार और सुधार किया जा रहा है। आयुष्मान योजना के तहत अब तक लगभग 61 लाख आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से लाखों मरीजों को नि:शुल्क उपचार मिल रहा है। साथ ही, प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा केदार के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। कार्यक्रम में विधायक आशा नौटियाल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!