
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मंगलवार देर रात भारी बारिश के चलते मुनकटिया क्षेत्र में अचानक भूस्खलन होने से अफरा-तफरी मच गई। भूस्खलन के कारण यात्रा मार्ग पूरी तरह बंद हो गया और करीब 10,500 श्रद्धालु रास्ते में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
राहत दलों ने तेजी दिखाते हुए महज 30 मिनट के भीतर पैदल यात्रियों के लिए मार्ग खोल दिया। इसके बाद फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का कार्य शुरू किया गया। एसडीआरएफ सोनप्रयाग टीम के उपनिरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में जवान लगातार यात्रियों का हौसला बढ़ाते रहे और उन्हें सुरक्षित तरीके से भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र पार कराया।
राहत टीमों ने भारी मलबा हटाकर मार्ग को फिर से सुचारु करने का काम भी किया। प्रशासन ने यात्रियों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।