अल्मोड़ा। उत्तराखंड सरकार के दर्जा राज्य मंत्री कुंदन लटवाल ने मंगलवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज स्थित बेस चिकित्सालय का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उपचार, दवाइयों की उपलब्धता तथा अस्पताल में मिल रही सुविधाओं को लेकर सीधे फीडबैक लिया।
दर्जा राज्य मंत्री ने मरीजों के तीमारदारों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों से अस्पताल संचालन, उपलब्ध संसाधनों तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने को लेकर चर्चा की।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों की वास्तविक स्थिति का सही आकलन मरीजों और उनके परिजनों से सीधे संवाद के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल में स्वच्छता बनाए रखने, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार देने के निर्देश दिए।
कुंदन लटवाल ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े आवश्यक विषयों को सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सी. पी. भैसोड़ा और डॉ. अनिल पांडे ने अस्पताल की वर्तमान व्यवस्थाओं एवं भविष्य की आवश्यकताओं की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।