उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में जुलाई सत्र के प्रवेश शुरू, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया हुई प्रारम्भ

  • 15 स्नातक, 35 स्नातकोत्तर, 16 डिप्लोमा व 29 प्रमाणपत्र कार्यक्रमों में मिलेगा प्रवेश
  • ई-एसएलएम लेने पर शुल्क में 15 प्रतिशत की छूट

रानीखेत। उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र जुलाई-2026 के लिए विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है। विश्वविद्यालय में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र कार्यक्रमों में नए अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश ले सकेंगे। साथ ही पूर्व से अध्ययनरत विद्यार्थी भी परीक्षा परिणाम की प्रतीक्षा किए बिना अगले सेमेस्टर में प्रवेश ले सकेंगे। विश्वविद्यालय की बैक परीक्षा व्यवस्था के तहत एक या सभी अनुतीर्ण अथवा छूटे हुए प्रश्नपत्रों की परीक्षा देने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

क्षेत्रीय केंद्र रानीखेत के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. जे. एस. रावत ने बताया कि नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को लचीली, गुणवत्तापूर्ण एवं रोजगारपरक उच्च शिक्षा उपलब्ध करा रहा है। इस सत्र में 15 स्नातक, 35 स्नातकोत्तर, 16 डिप्लोमा तथा 29 प्रमाणपत्र कार्यक्रमों में प्रवेश दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भगवद्गीता अध्ययन में डिप्लोमा तथा मानव अधिकार एवं असिस्टेंट होमस्टे मैनेजर जैसे नए कार्यक्रम भी शुरू किए गए हैं। उन्होंने विद्यार्थियों, नौकरीपेशा युवाओं एवं गृहिणियों से समय रहते प्रवेश लेने की अपील की।

सहायक क्षेत्रीय निदेशक रुचि आर्या ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और सरल है। प्रवेश के साथ ही विद्यार्थियों को स्टूडेंट वनव्यू पर डिजिटल अध्ययन सामग्री (ई-एसएलएम/ई-बुक्स) उपलब्ध कराई जाती है तथा ऑनलाइन असाइनमेंट जमा करने की सुविधा भी दी गई है। उन्होंने बताया कि ई-एसएलएम के साथ प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को कार्यक्रम शुल्क में 15 प्रतिशत की छूट मिलेगी। अध्ययन एवं परीक्षा केंद्र परिवर्तन, विषय परिवर्तन, हार्ड कॉपी पुस्तकों के लिए आवेदन, परीक्षा परिणाम और डिग्री आवेदन जैसी अधिकांश सुविधाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

विश्वविद्यालय ने सत्र 2026 से पुनः पंजीकरण की व्यवस्था समाप्त कर दी है। ऐसे में विद्यार्थियों को निर्धारित अवधि के भीतर अपना पाठ्यक्रम पूरा करना होगा। प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से संचालित की जा रही है। अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले प्रवेश विवरणिका का अध्ययन करने तथा आवेदन के दौरान ABC ID और DEB ID सही दर्ज करने की सलाह दी गई है। गलत अथवा अपूर्ण विवरण मिलने पर प्रवेश निरस्त किया जा सकता है।


ये हैं प्रमुख सुविधाएं

  • प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन।
  • ई-एसएलएम के साथ प्रवेश पर 15% शुल्क छूट।
  • ऑनलाइन असाइनमेंट जमा करने की सुविधा।
  • अध्ययन एवं परीक्षा केंद्र परिवर्तन ऑनलाइन।
  • बैक परीक्षा की सुविधा उपलब्ध।

महत्वपूर्ण बातें

  • 15 स्नातक कार्यक्रम
  • 35 स्नातकोत्तर कार्यक्रम
  • 16 डिप्लोमा कार्यक्रम
  • 29 प्रमाणपत्र कार्यक्रम
  • आवेदन से पहले ABC ID एवं DEB ID तैयार रखें।
  • समय रहते ऑनलाइन आवेदन पूरा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!