अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर राजनीतिक दलों और बीएलए-1 की बैठक हुई। जिलाधिकारी ने मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सुनवाई प्रक्रिया को निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
जनपद में 98,529 नोटिसों की सुनवाई के लिए 856 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्रवार द्वाराहाट में 16,962, सल्ट में 18,668, रानीखेत में 12,020, सोमेश्वर में 14,056, अल्मोड़ा में 19,266 और जागेश्वर में 17,557 नोटिसों की सुनवाई होगी।
सुनवाई की निर्धारित अवधि द्वाराहाट में 29 जुलाई से 18 अगस्त, सल्ट में 3 अगस्त से 3 सितंबर, रानीखेत में 29 जुलाई से 2 सितंबर, सोमेश्वर में 3 से 26 अगस्त, अल्मोड़ा में 1 से 31 अगस्त तथा जागेश्वर में 1 से 26 अगस्त 2026 तक है।
बैठक में राजनीतिक दलों ने एसआईआर से जुड़ी समस्याएं और सुझाव रखे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करते हुए पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।