रानीखेत (अल्मोड़ा)। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के रानीखेत संगठनात्मक जिले में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। लंबे समय से जिलाध्यक्ष रहे मोहन नेगी और जिला महामंत्री राजेंद्र पांडेय ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। मोहन नेगी ने व्यापार मंडल में बढ़ते राजनीतिकरण को इस्तीफे की प्रमुख वजह बताया।
पत्रकार वार्ता में नेगी ने कहा कि वह करीब 36 वर्षों से व्यापार मंडल से जुड़े हैं। इस दौरान जिले में 17 व्यापारिक इकाइयों का गठन कराने के साथ कई जिला सम्मेलन आयोजित किए और व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कैंचीधाम बाईपास की मांग को लेकर भी व्यापारियों के साथ आंदोलन किया गया।
उन्होंने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पहले चुनाव प्रक्रिया शुरू कर पंजीकरण और नामांकन कराया गया था, लेकिन नामांकन पर आपत्ति के बाद चुनाव स्थगित हो गए। उनका आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ने के बजाय इसमें राजनीतिक स्वार्थ हावी हो गया। प्रांतीय संगठन पर भी चुनाव कराने में प्रभावी पहल नहीं करने का आरोप लगाया। दोनों पदाधिकारियों के इस्तीफे के बाद व्यापारियों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।