“मोदी सरकार के 12 साल: विकास, सुशासन और जनकल्याण की नई गाथा, अल्मोड़ा में बोले प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत”

                                                                       

अल्मोड़ा। सर्किट हाउस अल्मोड़ा में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को विस्तार से गिनाते हुए कहा कि वर्ष 2014 से शुरू हुई यह यात्रा केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि विकास, सुशासन, सेवा और जनविश्वास की नई कार्यसंस्कृति की स्थापना की यात्रा रही है।

डॉ. रावत ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है और देश विकास के नए आयाम स्थापित करते हुए आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है।

उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन और स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) प्रणाली के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगा है। उन्होंने कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में केंद्र सरकार के कार्यों को उल्लेखनीय बताया।

डॉ. रावत ने कहा कि बीते वर्षों में आधारभूत ढांचे के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। राष्ट्रीय राजमार्गों, ग्रामीण सड़कों, रेलवे नेटवर्क, हवाई अड्डों, मेट्रो सेवाओं और डिजिटल कनेक्टिविटी का व्यापक विस्तार हुआ है। वंदे भारत ट्रेनों, अमृत भारत स्टेशन योजना और भारतनेट परियोजना जैसी पहलें विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज एक सशक्त, आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में दुनिया के सामने उभरा है। राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और जनभागीदारी आधारित अभियानों ने देश को नई पहचान दी है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है और इसी दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

इस अवसर पर मेयर अजय वर्मा, दायित्वधारी गोविंद सिंह पिलख्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष ललित लटवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!