
अल्मोड़ा। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खण्ड हवालबाग सभागार में मंगलवार को भव्य जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई गई।
शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तार से अवगत कराया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं की उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। साथ ही भारत सरकार द्वारा 1 जुलाई 2026 से शुरू किए जाने वाले ‘विकसित भारत जी.आर.जी. कार्यक्रम’ की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
वक्ताओं ने विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जनभागीदारी, सुशासन और समावेशी विकास को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख हिमानी कुंडू, खण्ड विकास अधिकारी आर.एस. कनवाल, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष देवेंद्र नयाल, ग्राम प्रधान ग्वालाकोट मनोहर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में लोगों ने सरकार की योजनाओं के प्रति उत्साह दिखाया और विभिन्न योजनाओं से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कर लाभ उठाया।