
अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। बाड़ेछीना क्षेत्र में यात्रियों से भरी एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर करीब 20 से 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में वाहन सवार 11 लोग घायल हो गए, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो संख्या यूके 03टीए 0097 में कुल सात वयस्क और चार बच्चे सवार थे। अचानक वाहन के नियंत्रण से बाहर होने के बाद वह सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बाड़ेछीना के नजदीकी चिकित्सालय ले जाया गया। चिकित्सकों ने तीन घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें 108 एंबुलेंस के माध्यम से बेस चिकित्सालय अल्मोड़ा रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायलों में पूर्णिमा शुक्ला (24), दीपाली तिवारी (25), अमित तिवारी (32), वाहन चालक शेर सिंह (56), दिनेश कुमार शुक्ला (62), स्नेहा शुक्ला (23), प्रतिमा शुक्ला (50), दिनांश तिवारी (5) और शिवांश तिवारी समेत अन्य लोग शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पर्वतीय मार्गों पर सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।