गूगल से खोजा कस्टमर केयर नंबर बना मुसीबत, वीडियो कॉल पर दिखाया क्रेडिट कार्ड और खाते से उड़ गए हजारों रुपये
रानीखेत (अल्मोड़ा)। ऑनलाइन शॉपिंग ऐप से मंगाए गए उत्पाद का रिफंड लेने की कोशिश एक महिला को भारी पड़ गई। साइबर ठगों ने रिफंड दिलाने के नाम पर महिला से 33,990 रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, नगरपालिका चिलियानौला निवासी अदिति अग्रवाल ने एक ऑनलाइन शॉपिंग ऐप से उत्पाद मंगाया था। उत्पाद वापस करने के बाद उन्हें रिफंड मिलना था। रिफंड की जानकारी प्राप्त करने के लिए उन्होंने गूगल पर ग्राहक सेवा नंबर खोजकर संपर्क किया।
आरोप है कि फोन उठाने वाले व्यक्ति ने खुद को कस्टमर केयर प्रतिनिधि बताया और व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर आने को कहा। वीडियो कॉल के दौरान आरोपी ने भुगतान के लिए इस्तेमाल किए गए क्रेडिट कार्ड का सत्यापन कराने की बात कही। उसके कहने पर महिला ने अपना क्रेडिट कार्ड कैमरे के सामने दिखा दिया।
कुछ ही देर बाद उनके क्रेडिट कार्ड से बिना अनुमति 33,990 रुपये की राशि निकाल ली गई। खाते से रकम कटने का संदेश मिलने पर महिला को ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद उन्होंने तुरंत अपना कार्ड ब्लॉक कराया और बैंक अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस की अपील
कोतवाल रानीखेत भुवन जोशी ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाता, क्रेडिट कार्ड, ओटीपी, सीवीवी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।
