
अल्मोड़ा। जिला प्रशासन, समाज कल्याण विभाग एवं पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त भारत अभियान–विकसित भारत की पहचान” के तहत जनपद में नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया।
मैराथन दौड़ शनिवार प्रातः 7 बजे रघुनाथ सिटी मॉल, अल्मोड़ा से शुरू होकर पुलिस लाइन तक आयोजित की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र पांडेय, पुलिस एवं समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में लोगों ने प्रतिभाग कर नशा मुक्त समाज का संदेश दिया।

जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र पांडेय ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशा मुक्ति के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं और युवाओं को नशे से दूर रखने में सहयोग करें।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने नशे के विरुद्ध जागरूकता का संकल्प लिया और समाज को स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया।