हल्द्वानी। दमुवाढुंगा क्षेत्र के लोगों को मालिकाना हक दिलाने की दिशा में एक अहम पहल हुई है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल से मुलाकात कर वार्ड संख्या 35, 36 और 37 से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। बैठक में मालिकाना हक का मुद्दा प्रमुखता से रखा गया, जिस पर जिलाधिकारी ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।
वार्ड संख्या 37 के पार्षद प्रतिनिधि हृदयेश कुमार के नेतृत्व में हुए प्रतिनिधिमंडल में निवर्तमान पार्षद देवी दयाल उपाध्याय, वार्ड संख्या 36 की पार्षद तनुजा जोशी तथा वार्ड संख्या 35 के पार्षद प्रतिनिधि महेशानंद शामिल रहे। जनप्रतिनिधियों ने मांग की कि दमुवाढुंगा क्षेत्र का जल्द से जल्द ड्रोन सर्वे कराया जाए, ताकि वर्षों से लंबित मालिकाना हक देने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आश्वासन दिया कि इस संबंध में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई कर उचित निर्णय लिया जाएगा, जिससे क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
बैठक के दौरान वार्ड संख्या 37 की स्थानीय समस्याओं को लेकर भी जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में क्षेत्र की जर्जर सड़कों और विभिन्न स्थानों पर बने जानलेवा गड्ढों का मुद्दा उठाते हुए तत्काल मरम्मत और गड्ढा भरान कार्य कराने की मांग की गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि खराब सड़कें लोगों के लिए लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं, इसलिए शीघ्र कार्रवाई आवश्यक है।