
जनपद की रैंकिंग को शीर्ष पर बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार को विकास भवन सभागार में 25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति का आकलन करते हुए उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से सभी लक्ष्य पूरे करने के सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि 25 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत विभागों के कार्यों के आधार पर जनपद की रैंकिंग तय होती है। ऐसे में सभी विभाग पूरी गंभीरता के साथ कार्य करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा की जाए और लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान जिन विभागों की प्रगति अपेक्षाकृत धीमी पाई गई, उन्हें आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों, प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी जिलाधिकारी को दी।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।