
रानीखेत। अंतर्राष्ट्रीय नशा निषेध एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर गृह मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान तथा श्री अमित कुमार, महानिरीक्षक सीमांत रानीखेत के मार्गदर्शन में शुक्रवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने रानीखेत में भव्य साइकिल रैली का आयोजन कर नशे के खिलाफ जनजागरण का संदेश दिया।
सीमांत मुख्यालय गणयाधोली से गांधी चौक रानीखेत तक (गणयाधोली बाजार होते हुए) निकाली गई इस विशाल साइकिल रैली में एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति तथा उसके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को तंबाकू, धूम्रपान और अन्य मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य जोखिमों, जैसे कैंसर, हृदय रोग और अन्य जानलेवा बीमारियों के बारे में वैज्ञानिक तथ्यों के साथ जानकारी दी। साथ ही युवाओं से नशे से दूर रहकर स्वस्थ, सुरक्षित और सकारात्मक जीवन अपनाने का आह्वान किया गया।
एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए केवल सुरक्षा बल ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों, जवानों और स्थानीय लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
यह जागरूकता अभियान न केवल युवाओं को नशे के दुष्चक्र से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ, बल्कि समाज में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सशक्त संदेश भी दे गया।