औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, जिला आबकारी कार्यालय में व्यवस्थाओं पर एडीएम की सख्त नजर

अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने मंगलवार को जिला आबकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रखरखाव और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर, रिकॉर्ड कक्ष और विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।

एडीएम ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने के निर्देश देते हुए बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली को हर समय चालू रखने और सभी कर्मचारियों को उसके संचालन की जानकारी सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने रिकॉर्ड कक्ष में रखे सभी अभिलेखों को सुव्यवस्थित ढंग से संधारित करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर रिकॉर्ड आसानी से उपलब्ध हो सके। साथ ही कार्यालय के सभी कक्षों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने और स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान एडीएम ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों के क्षेत्रीय भ्रमण का पूरा रिकॉर्ड रखने के लिए कार्यालय में भ्रमण पंजिका तैयार करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फील्ड भ्रमण का विवरण नियमित रूप से पंजिका में दर्ज किया जाए, जिससे क्षेत्रीय गतिविधियों का समुचित अभिलेख उपलब्ध रह सके।

अपर जिलाधिकारी के औचक निरीक्षण से कार्यालय में पूरे दिन हलचल का माहौल बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!