रानीखेत। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ताड़ीखेत विकासखंड के अम्याड़ी निवासी एवं समाजसेवी सतीश पांडे और उनकी पत्नी लीला देवी ने इस वर्ष भी 251 पौधों का रोपण किया। दोनों ने हर साल की अपनी परंपरा को जारी रखते हुए मंदिर परिसरों, जल स्रोतों और आसपास के क्षेत्रों में पौधे लगाए।
पांडे दंपत्ति ने अम्याड़ी, गंगोड़ा और कोटली गांवों में बाज, देवदार, अनार और अमरूद जैसी बहुउपयोगी प्रजातियों के पौधे रोपित किए। उन्होंने केवल पौधारोपण तक ही सीमित न रहकर इन पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।
गौरतलब है कि सतीश पांडे और लीला देवी पिछले कई वर्षों से प्रत्येक वर्ष बरसात के मौसम में 251 पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण की अलख जगा रहे हैं। उनका यह प्रयास क्षेत्र के लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है और अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित कर रहा है।