अल्मोड़ा। जिले में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण की दिशा में जिला पर्यटन विकास समिति ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में दो सामुदायिक शौचालयों के निर्माण के लिए 5-5 लाख रुपये तथा पिनाथ ईको ट्रेक के विकास के लिए वन विभाग को 10 लाख रुपये मंजूर किए गए।
समिति ने होटल एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष अरुण वर्मा के प्रस्ताव पर पिनाथ ईको ट्रेक के विकास को हरी झंडी दी। इस राशि से ट्रेक पर आवश्यक आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे साहसिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
बैठक में अल्मोड़ा के ऐतिहासिक बाजार के सौंदर्यीकरण पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी कर सौंदर्यीकरण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मल्ला महल कैफे एवं म्यूजियम के संचालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूरी कर इसे जल्द शुरू करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मल्ला महल के संचालन से पर्यटक अल्मोड़ा की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से रूबरू हो सकेंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण वर्मा सहित समिति के सदस्य और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।