अल्मोड़ा। मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने जिला स्तरीय पुनरीक्षण समिति (डीएलआरसी) की बैठक में बैंकों और संबंधित विभागों को स्वरोजगार योजनाओं के लंबित आवेदनों का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी आवेदक के साथ संचार की कमी (कम्युनिकेशन गैप) नहीं होनी चाहिए।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी), किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न योजनाओं की बैंकवार प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वित्तीय साक्षरता शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और शिविरों में लोगों की समस्याओं का रिकॉर्ड रखकर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्वरोजगार योजनाओं के प्रचार के लिए प्रमुख स्थानों पर क्यूआर कोड युक्त फ्लेक्स लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि इच्छुक लोग योजनाओं की पूरी जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें।
बैठक में वीर चंद्र सिंह गढ़वाली स्वरोजगार योजना में कम आवेदन आने पर चिंता जताते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। साथ ही बैंक और उद्योग विभाग को लंबित व अस्वीकृत आवेदनों का पूरा रिकॉर्ड रखने तथा अस्वीकृति के कारण स्पष्ट रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने नेटवर्क की समस्या वाले क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएं बेहतर बनाने के लिए बैंक कॉरेस्पॉन्डेंट व्यवस्था को मजबूत करने पर भी जोर दिया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आसानी से बैंकिंग सुविधाएं मिल सकें।
बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण केएन तिवारी, एलडीएम अनिरुद्ध शाह, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।