देहरादून। उत्तराखण्ड तकनीकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक करने के मामले में देहरादून पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से छात्रों को प्रश्न साझा कर परीक्षा की गोपनीयता भंग की।
मामले का खुलासा तब हुआ जब विश्वविद्यालय को एक ई-मेल के जरिए सूचना मिली कि 8 जुलाई 2026 की परीक्षा से पहले 3 जुलाई को सहायक प्रोफेसर द्वारा छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप में महत्वपूर्ण प्रश्न भेजे गए थे। परीक्षा के बाद जब इन प्रश्नों का मूल प्रश्नपत्र से मिलान किया गया तो उनमें काफी समानता पाई गई।
विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति की जांच में भी यह पुष्टि हुई कि सहायक प्रोफेसर ने परीक्षा से पहले छात्रों के व्हाट्सएप ग्रुप और आंतरिक पोर्टल पर प्रश्न साझा किए थे। इसके बाद परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल की तहरीर पर प्रेमनगर कोतवाली में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए दस्तावेजी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर आरोपी आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, इस पेपर लीक मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आरोपी मूल रूप से सहारनपुर के शाकुम्भरी विहार का निवासी है।