
अल्मोड़ा। हुकुम सिंह बोरा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सोमेश्वर का वार्षिकोत्सव समारोह शुक्रवार को उत्साह और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
समारोह के दौरान मंत्री ने मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत चयनित मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए तथा प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के विकास के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं और जो लक्ष्य अभी अधूरे हैं, उन्हें भी शीघ्र पूरा किया जाएगा।
अपने संबोधन में मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों की सूची में छात्राओं की अधिक संख्या होना गर्व और खुशी का विषय है। यह शिक्षा के क्षेत्र में बेटियों की निरंतर प्रगति और बढ़ते आत्मविश्वास का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बालिकाओं की शिक्षा और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार भी प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। मंत्री ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि छात्र जीवन में केवल पाठ्यक्रम की पढ़ाई ही महत्वपूर्ण नहीं होती, बल्कि सामाजिक अनुशासन, समर्पण, परिश्रम और देशभक्ति जैसे गुणों का विकास भी आवश्यक है।कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. एके जोशी, जिला पंचायत सदस्य संतोष कुमार, कुंदन भंडारी, भुवन जोशी, खड़क सिंह नेगी, शंकर बिष्ट, कमल गिरी, धीरज जोशी, सुरेश बोरा, हरीश कुमार, प्रो. कमला धौलाखंडी, डॉ. सीपी वर्मा, डॉ. कंचन वर्मा, डॉ. राकेश पांडे, डॉ. भावना, नीरज पांडे, छात्रसंघ अध्यक्ष सलोनी भंडारी सहित छात्रसंघ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।