एसआईआर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए निर्वाचन कार्मिकों को मिला विशेष प्रशिक्षण

अल्मोड़ा। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपादित कराने के उद्देश्य से जनपद की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ, सुपरवाइजर, बीएलए एवं अन्य निर्वाचन कार्मिकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ।

अल्मोड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने प्रतिभाग किया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता और तन्मयता के साथ ग्रहण करने का आह्वान किया।

अपर जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील होते हैं। ऐसे में प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को अपने दायित्वों तथा जिम्मेदारियों की स्पष्ट जानकारी होना आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को निर्देश दिए कि वे प्रशिक्षण के दौरान सभी बिंदुओं को ध्यानपूर्वक समझें और किसी भी प्रकार की शंका होने पर उसका समाधान अवश्य प्राप्त करें।

उन्होंने मास्टर ट्रेनरों को भी निर्देशित किया कि सभी प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें पूर्ण रूप से प्रशिक्षित किया जाए, ताकि भविष्य में निर्वाचन कार्यों के निष्पादन में किसी प्रकार की त्रुटि न हो।

प्रशिक्षण के दौरान एसआईआर के विभिन्न चरणों, गणना प्रपत्रों के उपयोग, अभिलेखों के संधारण तथा क्षेत्रीय कार्यों से संबंधित आवश्यक जानकारियां विस्तार से दी गईं। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यों को समयबद्ध एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करने पर विशेष जोर दिया गया।

मुख्य बिंदु

  • एसआईआर कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए निर्वाचन कार्मिकों को दिया गया प्रशिक्षण।
  • कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने किया मार्गदर्शन।
  • बीएलओ, सुपरवाइजर, बीएलए सहित अन्य कार्मिकों ने लिया भाग।
  • निर्वाचन कार्यों की संवेदनशीलता को देखते हुए जिम्मेदारियों की जानकारी पर दिया गया जोर।
  • एसआईआर के विभिन्न चरणों एवं निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की दी गई विस्तृत जानकारी।
  • अल्मोड़ा, द्वाराहाट, सल्ट, रानीखेत एवं सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित हुए प्रशिक्षण कार्यक्रम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!