विश्व पर्यावरण दिवस पर अल्मोड़ा में चलेगा ‘स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु’ अभियान

प्लास्टिक मुक्त गांव, स्वच्छ जल स्रोत और ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम पर रहेगा विशेष जोर

अल्मोड़ा, संवाददाता। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जनपद अल्मोड़ा में ‘स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु अभियान’ को जनआंदोलन के रूप में संचालित किया जाएगा। अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में बुधवार को एक वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में विकासखंड प्रमुख, खंड विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हुए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य गांवों को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना तथा लोगों को जलवायु संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

अभियान की प्रमुख बातें

  • ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाएंगे।
  • सार्वजनिक स्थलों, जल स्रोतों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की सफाई की जाएगी।
  • कूड़ा-कचरा एकत्र कर उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था की जाएगी।
  • सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित किया जाएगा।
  • लोगों को प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
  • ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत व्यापक पौधारोपण कराया जाएगा।
  • प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण और इको-फ्रेंडली गतिविधियों की शपथ दिलाई जाएगी।
  • पर्यटन स्थलों एवं पर्यटक क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
  • पर्यटकों को स्वच्छता बनाए रखने और पौधारोपण से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
  • ग्राम सभाओं में विशेष बैठकों के माध्यम से स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जल स्रोत संरक्षण पर जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत होने वाली सभी गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी तथा प्रतिदिन निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट भेजी जाएगी।

बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र सिंह ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसे ग्रामीण स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करने की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!