कॉलेज छात्रा की अस्मिता पर हमला! गर्भवती होने की झूठी अफवाह फैलाकर किया मानसिक उत्पीड़न, तीन युवकों पर गंभीर आरोप

दन्या (अल्मोड़ा)। दन्या थाना क्षेत्र की एक कॉलेज छात्रा ने तीन युवकों पर उसके चरित्र हनन और मानसिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में नामजद शिकायत दर्ज कराई है। छात्रा का आरोप है कि आरोपियों ने उसके खिलाफ सुनियोजित साजिश रचते हुए समाज में अश्लील और भ्रामक अफवाहें फैलाईं, जिससे उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरा आघात पहुंचा है।

पीड़िता द्वारा दन्या थाना पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपियों ने समाज में यह झूठा प्रचार किया कि वह गर्भवती है। इतना ही नहीं, छात्रसंघ अध्यक्ष के साथ उसका नाम जोड़कर भी आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। छात्रा का कहना है कि इन सभी बातों का वास्तविकता से कोई संबंध नहीं है और यह उसकी छवि खराब करने की सोची-समझी कोशिश है।

शिकायत में छात्रा ने बताया कि 18 मई 2026 को उसकी परीक्षा थी, लेकिन अचानक तबीयत बिगड़ने के कारण उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) धौलादेवी में भर्ती कराना पड़ा। बाद में बेहतर उपचार के लिए उसे बेस हॉस्पिटल अल्मोड़ा रेफर किया गया। छात्रा के अनुसार, अस्पताल में भर्ती होने की इसी घटना को आधार बनाकर आरोपियों ने उसके खिलाफ झूठी और अपमानजनक अफवाहें फैलानी शुरू कर दीं।

पीड़िता ने दावा किया है कि उसके पास इलाज से संबंधित मेडिकल रिपोर्ट मौजूद है, जो यह साबित करती है कि वह बीमारी के कारण अस्पताल में भर्ती हुई थी। उसने मेडिकल दस्तावेजों की प्रतियां भी पुलिस को सौंप दी हैं।

लगातार हो रहे मानसिक उत्पीड़न और सामाजिक बदनामी के कारण छात्रा गहरे तनाव और अवसाद में है। उसका कहना है कि अफवाहों के चलते घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। इस मानसिक दबाव का असर उसकी पढ़ाई पर भी पड़ा और वह 22 मई को आयोजित अपनी मुख्य परीक्षाओं में शामिल नहीं हो सकी।

छात्रा ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की है। शिकायत में उसने कहा है कि यदि इस लगातार हो रही प्रताड़ना और चरित्र हनन के कारण वह कोई आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होती है, तो इसके लिए तीनों नामजद आरोपी सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे।

पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की संबंधित धाराओं के तहत तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उधर, पुलिस ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!