सीएम धामी कल दन्या में, प्रशासन अलर्ट मोड पर; तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा

                                                             

अल्मोड़ा। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 21 जून को प्रस्तावित दन्या दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री के आगमन से पहले जिलाधिकारी अंशुल सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के ने दन्या पहुंचकर कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड की तैयारियों का गहन निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने दन्या स्थित राजकीय महाविद्यालय और रामलीला मैदान का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं को समय से पहले दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए तैयारियां समय पर पूरी करें।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर उतरने के लिए प्रस्तावित हेलीपैड स्थल के रूप में चिन्हित खेल मैदान का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा सभी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित एवं सुचारू बनाने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा, उप जिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर दन्या और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है, वहीं प्रशासन कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए युद्धस्तर पर तैयारियों में जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Translate »
error: Content is protected !!