
हल्द्वानी। शहर के पॉश इलाके में स्थित एक नामी स्पा सेंटर में चल रहे कथित हाईप्रोफाइल सेक्स रैकेट का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मसाज और थेरेपी की आड़ में अनैतिक देह व्यापार का धंधा संचालित किए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया, जबकि छह युवतियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने नैनीताल रोड स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स में संचालित ‘एमजे द लग्जरी स्पा सेंटर’ पर अचानक दबिश दी। छापेमारी के दौरान स्पा के भीतर आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित होती पाई गईं। मौके से एक महिला मैनेजर, दो ग्राहकों और एक वॉचर को गिरफ्तार किया गया, जबकि स्पा संचालक पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को देर शाम स्पा सेंटर में देह व्यापार संचालित होने की गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में छापेमारी की गई।
भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद
पुलिस को स्पा सेंटर से 16 इस्तेमालशुदा और 4 सीलबंद कंडोम, ₹4,320 नकद तथा दो एंट्री रजिस्टर बरामद हुए हैं। पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री से स्पा सेंटर में लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की आशंका मजबूत हुई है।
छह युवतियां रेस्क्यू
कार्रवाई के दौरान छह पीड़ित युवतियों को स्पा सेंटर से मुक्त कराया गया। पुलिस ने सभी युवतियों की काउंसलिंग कर उन्हें नियमानुसार वन स्टॉप सेंटर, हल्द्वानी भेज दिया है। मामले में विभिन्न राज्यों से जुड़े नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
ये लोग हुए गिरफ्तार
पुलिस ने चमोली निवासी नीरज सिंह, गाजियाबाद निवासी कार्तिकेय गुप्ता (ग्राहक), दिल्ली निवासी पूनम (मैनेजर) तथा हल्द्वानी निवासी अतुल ठाकुर (वॉचर) को गिरफ्तार किया है।
वहीं, स्पा सेंटर संचालक राहुल जायसवाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
कोतवाली हल्द्वानी में सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की धारा 3, 4, 5 और 6 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और फरार संचालक की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।