
अल्मोड़ा। जनपद अल्मोड़ा में औषधियों की सुरक्षित एवं नियमसम्मत बिक्री सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने शुक्रवार को रानीखेत क्षेत्र में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान कई मेडिकल स्टोरों की जांच की गई, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई की।
ड्रग इंस्पेक्टर श्रीमती पूजा जोशी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान एक औषधि प्रतिष्ठान के लाइसेंस के निलंबन/निरस्तीकरण की संस्तुति की गई। वहीं, तीन मेडिकल स्टोरों में गंभीर खामियां पाए जाने पर उनकी दवाओं के क्रय-विक्रय पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई।
निरीक्षण के दौरान विभाग ने औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम और नियमावली के तहत लाइसेंस की शर्तों के अनुपालन की जांच की। संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्देश दिए गए कि वे पंजीकृत फार्मासिस्ट की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करें, दवाओं की खरीद-बिक्री नियमों के अनुरूप करें तथा सभी आवश्यक अभिलेखों का सही तरीके से संधारण करें।
विभाग ने संबंधित फर्मों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर कर अनुपालन रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनस्वास्थ्य से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। औषधि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ भविष्य में भी नियमित निरीक्षण अभियान चलाकर नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।